ग्वालियर। जिले के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए शिक्षा विभाग ने 37.17 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से जिले के 37 विद्यालयों में 47 नई विज्ञान प्रयोगशालाओं, 163 अतिरिक्त कक्षों और 16 शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने के साथ ही विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
37 विद्यालयों में होंगे निर्माण कार्य
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्वालियर जिले के 31 विद्यालयों में निर्माण कार्यों के लिए पुलिस हाउसिंग एवं शाला विकास समिति को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। इन विद्यालयों में 42 फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब, 155 अतिरिक्त कक्ष तथा 15 शौचालयों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन कार्यों पर 37 करोड़ 17 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त ऐसे छह विद्यालयों में भी निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जहां दो से कम अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता है। इन विद्यालयों में शाला विकास समिति के माध्यम से पांच विज्ञान लैब, आठ अतिरिक्त कक्ष और एक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश
कलेक्टर रुचिका चौहान के प्रयासों से जिले के स्कूलों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे गए थे। स्वीकृति मिलने के बाद कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य आवश्यकता के अनुरूप और निर्धारित गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से निर्माण कार्यों की विस्तृत योजना तैयार करने और उसके अनुसार काम कराने पर भी जोर दिया है, ताकि विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।
इन 31 सरकारी स्कूलों में होंगे निर्माण कार्य
निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत 31 विद्यालयों में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल करहिया, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल आंतरी, शासकीय जीवाजीराव बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लश्कर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चीनौर, खेरवाया, मेहगांव, शुक्लहारी, करियावटी, बिलौआ और रेंहट शामिल हैं।
इसके अलावा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिछोर, शासकीय एक्सीलेंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डबरा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डबरा, शासकीय एक्सीलेंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटीगांव, शासकीय हाईस्कूल पाटई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरई, उटीला, सिरसौद और मोतीझील में भी निर्माण कार्य होंगे।
लश्कर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पागनवीसी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेलवे कॉलोनी, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ठाठीपुर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरार, शासकीय एक्सीलेंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरार, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 मुरार तथा शासकीय हाईस्कूल बहोड़ापुर, बडेराबुजुर्ग, बीजकपुर, जखोदा, तिघरा और निरावली भी इस योजना में शामिल हैं।
छह स्कूलों में शाला विकास समिति कराएगी निर्माण
जिन छह विद्यालयों में दो से कम अतिरिक्त कक्षों का निर्माण होना है, वहां शाला विकास समिति को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। इनमें शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकगंज, शासकीय हाईस्कूल बरोठा, आरोन, सिगौरा, बरेठा और खाड़ीखेड़ा शामिल हैं।
अन्य हाईस्कूलों में भी सुविधाओं के लिए मांगे प्रस्ताव
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को अपने-अपने क्षेत्रों के हाईस्कूलों में बाउंड्रीवॉल, अतिरिक्त कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला और शौचालय की जरूरत का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को आवश्यकताओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर जिला स्तर पर भेजने के लिए कहा गया है, ताकि इन्हें शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जा सके। इससे आने वाले समय में जिले के अन्य सरकारी स्कूलों में भी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा सकेगा।


