Monday, November 23, 2026
Google search engine
HomeMP NewsMP कैबिनेट के बड़े फैसले: 7 हजार करोड़ से अधिक की मंजूरी,...

MP कैबिनेट के बड़े फैसले: 7 हजार करोड़ से अधिक की मंजूरी, 46 हजार घरों में पहुंचेगी बिजली; अद्वैत लोक के लिए 2,278 करोड़ स्वीकृत

भोपाल। मध्यप्रदेश में विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां दी गईं। सोमवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, सहकारी बैंकों को आर्थिक सहायता देने, हजारों घरों तक बिजली पहुंचाने और ओंकारेश्वर में अद्वैत लोक के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए।

मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता मंजूर की। वहीं, भारत सरकार की RDSS योजना के तहत 46,574 घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193.72 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई।

बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को जारी रखने के लिए 3,059.07 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई।

देशी गायों के संरक्षण के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना

मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और देशी गौवंश की उन्नत नस्लों को प्रोत्साहित करने के लिए मंत्रि-परिषद ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया।

इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में दूध उत्पादन को दोगुने से अधिक बढ़ाकर मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना, गोपालकों की आय बढ़ाना तथा गिर, साहीवाल, थारपारकर और मालवी जैसी देशी नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन करना है।

वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 208 ग्रामीण विधानसभाओं के एक-एक चयनित वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता आयोजित होगी। वर्ष 2027-28 से 2030-31 तक यह प्रतियोगिता प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता में प्रतिदिन कम से कम 6 लीटर दूध देने वाली भारतीय उन्नत देशी नस्ल की गाय रखने वाले गोपालक भाग ले सकेंगे। विजेताओं को प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये दिया जाएगा। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गौवंश के क्रय, संरक्षण और संवर्धन में करना अनिवार्य होगा।

9 जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ की सहायता

प्रदेश के कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता मंजूर की गई है।

इसके तहत रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी।

46,574 घरों और 54 सरकारी संस्थानों तक पहुंचेगी बिजली

मंत्रि-परिषद ने RDSS योजना के पहले चरण में प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 46,574 अविद्युतीकृत घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों में बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की कार्ययोजना मंजूर की है।

इस राशि में केंद्र सरकार का 116.24 करोड़ रुपये यानी 60 प्रतिशत अनुदान और राज्य सरकार का 77.48 करोड़ रुपये यानी 40 प्रतिशत अंश शामिल है। योजना के तहत वितरण कंपनियां आवश्यक विद्युत अधोसंरचना का निर्माण करेंगी।

20 से कम घरों वाली बसाहटों के विद्युतीकरण के लिए भी राज्य सरकार ने वित्तीय सहयोग देने पर सैद्धांतिक सहमति दी है।

ओंकारेश्वर में 2,278.99 करोड़ से बनेगा अद्वैत लोक

ओंकारेश्वर में विकसित किए जा रहे एकात्म धाम में अद्वैत लोक (शंकर संग्रहालय) के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह राशि 16वें वित्त आयोग की अवधि वर्ष 2026-27 से 2030-31 के लिए मंजूर की गई है।

अद्वैत लोक में हाईस्क्रीन थिएटर, माया गैलरी, लेजर लाइट, वाटर एंड साउंड शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका, शंकर स्तंभ, अन्नपूर्णा, कलाग्राम और पंचायतन मंदिर विकसित किए जाएंगे।

इनके माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन, उनके योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन को श्रद्धालुओं और पर्यटकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

खनिज अन्वेषण के लिए राज्य खनिज निगम बनेगा नोडल एजेंसी

मंत्रि-परिषद ने प्रदेश में खनिज अन्वेषण और सर्वेक्षण कार्यों के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को नोडल एवं क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त करने की मंजूरी दी है।

इसके अंतर्गत उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण, एयरबोर्न और हेलीबोर्न सर्वेक्षण, भू-भौतिकीय एवं भू-रासायनिक सर्वेक्षण तथा खनिज भंडार प्रमाणित करने के लिए ड्रिलिंग कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया से बाहरी एजेंसियों की नियुक्ति की जाएगी।

सहकारी समितियों के चुनाव एक वर्ष आगे बढ़ेंगे

मंत्रि-परिषद ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित निर्वाचन की अवधि एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया है।

सरकार के अनुसार, प्रदेश की अनकवर्ड ग्राम पंचायतों में समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है। सभी नवगठित समितियों का संचालन शुरू नहीं होने के कारण चुनाव कराने में वैधानिक और प्रशासनिक कठिनाइयां आ सकती थीं।

इसी को देखते हुए विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव की अवधि भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं के लिए 3,059 करोड़

मंत्रि-परिषद ने सामान्य प्रशासन विभाग की 23 संचालित योजनाओं को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये मंजूर किए हैं।

इनमें सचिवालय व्यवस्था, लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पेंशन, मानव अधिकार आयोग को अनुदान, मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार और अन्य प्रशासनिक योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान के लिए 1,165 करोड़

मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान से संबंधित योजना को 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

मंत्रि-परिषद के इन फैसलों का उद्देश्य प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, धार्मिक पर्यटन का विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को निरंतरता देना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments