Home MP News MP News : मध्यप्रदेश में संविदा कर्मचारियों को आयुष्मान योजना का लाभ,5...

MP News : मध्यप्रदेश में संविदा कर्मचारियों को आयुष्मान योजना का लाभ,5 लाख तक मुफ्त इलाज

0

मध्यप्रदेश में संविदा कर्मचारियों को मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ, परिवार को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज

भोपाल। मध्यप्रदेश में वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) योजना के अंतर्गत कार्यरत संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब पात्र संविदा कर्मचारियों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत ‘निरामयम्’ योजना के तहत प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जाएगा।

मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

जिलों से मांगी गई पात्र हित ग्राहियों की जानकारी

जारी पत्र के अनुसार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रावधानों के तहत पात्र श्रेणियों में शामिल संविदा कर्मचारियों और उनके परिवारों को आयुष्मान योजना का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

इसके लिए जिलों से संबंधित कर्मचारियों और उनके परिवारों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में मांगी गई है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में भेजी गई जानकारी में कई प्रकार की त्रुटियां और कमियां सामने आई हैं। इनमें नाम, जन्मतिथि, आधार कार्ड, समग्र आईडी, मोबाइल नंबर और एलजीडी कोड से संबंधित अधूरी जानकारी शामिल है।

16 से 19 नवंबर तक संभागवार जांच कार्यक्रम

जानकारी के सत्यापन और दस्तावेजों की जांच के लिए संभागवार कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

  • 16 नवंबर: भोपाल और इंदौर संभाग।
  • 17 नवंबर: उज्जैन, ग्वालियर और सागर संभाग।
  • 18 नवंबर: चंबल, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग।
  • 19 नवंबर: नर्मदापुरम संभाग।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित अधिकारियों को भोपाल स्थित विकास भवन में सुबह 11 बजे उपस्थित होकर सॉफ्ट और हार्ड कॉपी में जानकारी प्रस्तुत करनी होगी।

किन परिवारों को नहीं मिलेगा लाभ?

दस्तावेज में कुछ परिवारों को अपात्र मानने के प्रावधान भी बताए गए हैं। इनमें ऐसे परिवार शामिल हैं, जिनका कोई सदस्य पिछले तीन वर्षों में किसी वर्ष आयकरदाता रहा हो, परिवार को किसी अन्य सरकारी योजना से निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिल रही हो अथवा परिवार का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी होने के कारण अन्य सरकारी योजना के तहत मुफ्त चिकित्सा सुविधा पाने का पात्र हो।

परिषद ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयसीमा में सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जानकारी उपलब्ध नहीं कराने या अधूरी जानकारी देने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।

इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद पात्र संविदा कर्मचारियों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version