ग्वालियर। मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन विभाग में अधिकारियों की पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार को लेकर विवाद अब मध्यप्रदेश हाईकोर्ट पहुंच गया है। शिवपुरी निवासी माखन सिंह धाकड़ की याचिका पर ग्वालियर खंडपीठ ने अमर सत्य गुप्ता को ग्वालियर-चंबल संभाग के संयुक्त संचालक का प्रभार सौंपे जाने के मामले में राज्य सरकार सहित संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है।
हाईकोर्ट में दायर याचिका (WP No. 43193/2026) पर 23 नवंबर 2026 को सुनवाई करते हुए न्यायालय ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आदेश के अनुसार, प्रक्रिया शुल्क जमा होने के बाद सात कार्यदिवस के भीतर स्पीड पोस्ट से नोटिस भेजे जाएंगे। प्रतिवादियों को चार सप्ताह में जवाब प्रस्तुत करना है। वहीं, राज्य शासन की ओर से तीन सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने की बात कही गई है।
क्या है पूरा मामला?
याचिकाकर्ता माखन सिंह धाकड़ के अनुसार, अमर सत्य गुप्ता मूल रूप से श्रेणी ‘बी’ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) हैं। उनका मूल पद वेतनमान ग्रेड पे 4,200 रुपये से संबंधित है। इसके बावजूद उन्हें ग्वालियर-चंबल संभाग के संयुक्त संचालक का प्रभार सौंप दिया गया। याचिका में संयुक्त संचालक के पद को प्रथम श्रेणी का बताते हुए इसका ग्रेड पे 7,600 रुपये होने का उल्लेख किया गया है।
याचिकाकर्ता ने इस प्रभार और पदस्थापना आदेश को चुनौती देते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है। उनका आरोप है कि अमर सत्य गुप्ता के विरुद्ध विभिन्न शिकायतों की जांच के लिए 29 सितंबर को चार सदस्यीय समिति गठित की गई थी, लेकिन जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने से पहले ही उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे दी गई।
57 नगरीय निकायों में अनियमितताओं के आरोप
याचिका में ग्वालियर-चंबल संभाग की 57 नगरीय निकायों में कथित वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी बिल भुगतान, वेतनमान, आरक्षित पदों पर नियुक्तियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की नियुक्ति और पदोन्नति सहित कई मामलों में अनियमितताओं के आरोपों का भी उल्लेख किया गया है।
इसके अलावा मुरैना नगर निगम में विज्ञापन और एक कर्मचारी की नियुक्ति से जुड़ी कथित गड़बड़ियों तथा नर्मदापुरम में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ वितरण में कथित वित्तीय अनियमितताओं का हवाला भी याचिका में दिया गया है।
याचिकाकर्ता ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक अमर सत्य गुप्ता से संयुक्त संचालक का प्रभार वापस लिया जाए और उन्हें संभाग से बाहर पदस्थ किया जाए। साथ ही शिकायतों पर हुई कार्रवाई का परिणाम बताने की मांग भी की गई है।
हाईकोर्ट ने क्या कहा?
न्यायमूर्ति जय कुमार पिल्लई की पीठ ने 23 नवंबर 2026 के आदेश में प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही याचिकाकर्ता को उन शासकीय नियमों को रिकॉर्ड पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं, जिनके आधार पर संबंधित प्रतिवादी क्रमांक-3 कार्य कर रहे हैं।
फिलहाल हाईकोर्ट ने मामले में जवाब मांगा है। यह आदेश याचिका के प्रारंभिक चरण से संबंधित है। न्यायालय ने अभी आरोपों की सत्यता या प्रभार संबंधी आदेश की वैधता पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। अब शासन और संबंधित पक्षों के जवाब के बाद मामले में आगे की सुनवाई होगी।
