Home MP News सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को रफ्तार: 2,801 करोड़ के 33 कार्यों को...

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को रफ्तार: 2,801 करोड़ के 33 कार्यों को मंजूरी, 2027 तक पूरा होगा निर्माण

0

भोपाल। मध्यप्रदेश में सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में आयोजित सिंहस्थ के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की सातवीं बैठक में 2,801.75 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंहस्थ से जुड़े सभी निर्माणाधीन और स्वीकृत कार्य हर हाल में वर्ष 2027 के अंत तक पूरे कर लिए जाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 का आयोजन क्लीन एंड ग्रीन थीम पर किया जाएगा। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा, परिवहन और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने क्षिप्रा नदी के सभी घाटों तक पहुंचने के लिए पक्के रास्ते बनाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सिंहस्थ की तैयारियों की समीक्षा के लिए अब हर महीने मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि निर्माणाधीन और प्रक्रियाधीन कार्यों की नियमित निगरानी हो सके।

सिंहस्थ 2028 के लिए 2,801 करोड़ के 33 कार्य मंजूर

मंत्रिमंडलीय समिति ने पर्यवेक्षण समिति की नौवीं और दसवीं बैठकों में अनुशंसित कुल 33 कार्यों को मंजूरी दी। इनकी अनुमानित लागत 2,801.75 करोड़ रुपये है। इनमें 16 कार्यों की लागत 1,457.04 करोड़ और 17 कार्यों की लागत 1,344.71 करोड़ रुपये है।

इन कार्यों में मेला क्षेत्र की अस्थायी अधोसंरचना, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, यातायात, आवास और सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं।

बिजली व्यवस्था पर खर्च होंगे 387.99 करोड़

सिंहस्थ के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा विभाग ने 387.99 करोड़ रुपये की कार्ययोजना प्रस्तुत की है। इसके तहत 33/11 केवी के पांच अस्थायी विद्युत उपकेंद्र, 45 किलोमीटर 33 केवी लाइन, 200 किलोमीटर 11 केवी लाइन और 550 किलोमीटर एलटी लाइन बिछाने की योजना है।

इसके अलावा लगभग 1,000 वितरण ट्रांसफॉर्मर संरचनाएं स्थापित की जाएंगी। साधु-संतों के शिविरों और संस्थानों को लगभग 4,500 बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे। आपात स्थिति के लिए 250 जनरेटर और 250 मोबाइल लाइट टॉवर की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

उज्जैन नगर निगम द्वारा अस्थायी स्ट्रीट लाइटिंग, हाईमास्ट और सजावटी प्रकाश व्यवस्था पर 113.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

स्वच्छता के लिए 393 करोड़, 1.74 लाख से अधिक इकाइयां बनेंगी

सिंहस्थ को स्वच्छ बनाने के लिए उज्जैन नगर निगम ने शौचालय, मूत्रालय और स्नानघरों के निर्माण, संचालन एवं रखरखाव के लिए 393.53 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है।

लगभग 2,584 हेक्टेयर के मेला क्षेत्र में 8,169 स्वच्छता सेट प्रस्तावित हैं। इनके अंतर्गत लगभग 1.19 लाख शौचालय, 23,200 स्नानघर और 31,600 मूत्रालय बनाए जाने की योजना है।

घाटों पर महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगभग 200 मीटर के अंतराल पर कुल 185 चेंजिंग रूम सेट प्रस्तावित किए गए हैं।

कचरा प्रबंधन और साफ-सफाई के लिए 153.73 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान प्रतिदिन लगभग 2,500 टन कचरा उत्पन्न होने का अनुमान है। इसके प्रबंधन के लिए प्रतिदिन 13,000 सफाई कर्मचारियों की तैनाती प्रस्तावित है।

क्षिप्रा नदी के जल की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षिप्रा नदी के जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए 12.33 करोड़ रुपये की लागत से इन-सीटू ट्रीटमेंट, बायोरेमेडिएशन और रियल टाइम जल गुणवत्ता निगरानी की व्यवस्था प्रस्तावित है।

देवास नगर निगम द्वारा नागधम्मन नदी पर इंटेकवेल बनाकर दूषित जल को मौजूदा एसटीपी से जोड़ने के लिए 1.50 करोड़ रुपये का कार्य भी प्रस्तावित किया गया है।

स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम

सिंहस्थ में चिकित्सा सेवाओं के लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 27.78 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है। इसमें दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, नियंत्रण कक्ष और प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शामिल हैं।

अग्निशमन सेवाओं के लिए 18.23 करोड़ रुपये और होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के लिए 155.08 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है।

सिंहस्थ 2016 की तुलना में इस बार होमगार्ड की संख्या 8,000 से बढ़ाकर 11,500 और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 4,000 से बढ़ाकर 10,000 करने की योजना है।

सड़क, पार्किंग और परिवहन पर विशेष फोकस

सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए मेला क्षेत्र में 122 किलोमीटर अस्थायी सड़कों के निर्माण पर 34.82 करोड़ रुपये और घाटों तक 17 किलोमीटर अस्थायी पाथ-वे बनाने पर 32.34 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।

पार्किंग एवं सर्विस क्षेत्र के विकास के लिए 112.34 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। जयसिंहपुरा तिराहा से नरसिंह घाट पुल तक 950 मीटर मार्ग के चौड़ीकरण पर 19.66 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।

कार्तिक चौक से बड़ा पुल मार्ग को दानी गेट मार्ग के ऊपर से 6 मीटर ऊंचे सबमर्सिबल इंटीग्रेटेड ब्रिज के रूप में विकसित करने के लिए संशोधित लागत 48.85 करोड़ रुपये रखी गई है। इससे रामघाट आने और जाने वाले श्रद्धालुओं के मार्ग अलग-अलग हो सकेंगे और प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।

इसके अलावा घाटों, अखाड़ों, पार्किंग स्थलों और परिवहन केंद्रों के बीच 2,000 बसों के संचालन के लिए 45 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है।

90 करोड़ की लागत से बनेगा सिंहस्थ अनुभव केंद्र

सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए 90 करोड़ रुपये की लागत से सिंहस्थ अनुभव केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव है। इसे लगभग 75,000 वर्गफुट क्षेत्र में पीपीपी मॉडल पर तैयार किया जाएगा।

इस केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), वर्चुअल रियलिटी (VR), होलोग्राम और प्रोजेक्शन मैपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

यहां महाकालेश्वर, समुद्र मंथन, क्षिप्रा नदी, अखाड़ा परंपरा, सांदीपनि आश्रम और विक्रमादित्य सहित 10 विषयगत जोन विकसित करने की योजना है। सिंहस्थ के बाद भी यह केंद्र उज्जैन के पर्यटन आकर्षण के रूप में काम करेगा।

सिंहस्थ की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक

सिंहस्थ की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गृह विभाग ने 1,862.67 करोड़ रुपये के उपकरणों और वाहनों की खरीद के प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। इनमें बम निरोधक दस्ते, सुरक्षा उपकरण, एटीएस, साइबर सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन उपकरण और वाहनों की व्यवस्था शामिल है।

सिंहस्थ के दौरान 100 बम निरोधक दस्तों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। उज्जैन के अलावा ओंकारेश्वर, महेश्वर और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा अंतरराज्यीय सीमाओं पर ड्रोन आधारित निगरानी और एंटी-ड्रोन तकनीक अपनाने की भी योजना है।

क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दूरस्थ पार्किंग स्थलों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

सरकार का लक्ष्य सिंहस्थ-2028 को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-केंद्रित आयोजन बनाना है। साथ ही नदी शुद्धिकरण, सड़क विकास, शहरी सौंदर्यीकरण और सिंहस्थ अनुभव केंद्र जैसी परियोजनाओं के माध्यम से उज्जैन को स्थायी सुविधाओं की सौगात देने की योजना है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version