भोपाल। मध्यप्रदेश में सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। प्रदेश के सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें 22 कार्यों में सुधार की जरूरत सामने आई है। निर्माण गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर मुरैना और बुरहानपुर के संबंधित अभियंताओं को नोटिस जारी करने तथा ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के प्रबंध संचालक भरत यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण दलों की अनुशंसाओं के अनुसार निर्माण कार्यों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों की जांच
लोक निर्माण विभाग की गुणवत्ता सुधार कार्ययोजना के तहत 20 नवंबर को प्रदेश के सात जिलों में औचक निरीक्षण किया गया। मुख्य अभियंताओं के नेतृत्व में गठित सात निरीक्षण दलों ने विदिशा, छिंदवाड़ा, मुरैना, बुरहानपुर, मैहर, मंदसौर और दमोह जिलों में यादृच्छिक रूप से चयनित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांची।
निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं पुल शाखा के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के पांच, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के छह, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के दो और राष्ट्रीय राजमार्ग का एक निर्माण कार्य शामिल था।
मुरैना और बुरहानपुर में निर्माण कार्यों पर कार्रवाई
मुरैना जिले के 3.50 किलोमीटर लंबे खेड़ा मेवदा–मीरापुर मार्ग और बुरहानपुर जिले के 1.50 किलोमीटर लंबे बोहरदा–मोहनासंगम मार्ग का निर्माण कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर संबंधित कार्यपालन यंत्रियों, अनुविभागीय अधिकारियों और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
दोनों मार्गों के ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के लिए संबंधित मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया है।
बुरहानपुर जिले में निंबोला–मगरूल–थाथरबाल्डी–उतांबी–बोरी बुजुर्ग मार्ग के मजबूतीकरण कार्य के अलावा नाचनखेड़ा–अडगांव और दरियापुर–जशोंधी (महाराष्ट्र सीमा) मार्गों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन कार्यों के ठेकेदारों के खिलाफ भी ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
दमोह में 73 किलोमीटर सड़क निर्माण पर भी सख्ती
दमोह जिले में निर्माणाधीन 73.265 किलोमीटर लंबे दमोह–हटा–गैसाबाद–सिमरिया मार्ग की समीक्षा के दौरान संबंधित कंसल्टेंट के विरुद्ध कार्रवाई करने और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए।
विदिशा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण की सराहना
निरीक्षण के दौरान विदिशा जिले में निर्माणाधीन झारखेड़ा–बेरसिया–ढोलखेड़ी मार्ग का काम गुणवत्तापूर्ण पाया गया। इसके लिए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री दीपक असाटी की सराहना की गई।
लोकपथ ऐप की शिकायतें चार दिन में होंगी दूर
समीक्षा बैठक में एमपीआरडीसी के प्रबंध संचालक भरत यादव ने लोकपथ ऐप पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण निर्धारित चार दिन की समय-सीमा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को देने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा।
शिकायतों के निराकरण की समीक्षा मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री स्तर पर की जाएगी। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने तथा तत्काल और स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार कर लागू करने के निर्देश दिए गए।
एमपीआरडीसी की आगामी परियोजनाओं में मार्गों के किनारे यात्री सुविधाएं विकसित करने और गौशालाओं के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने के निर्देश भी दिए गए।
