Sunday, November 22, 2026
Google search engine
HomeMP Newsराजा भोज फेलोशिप 2026-27: सीनियर को 6 लाख और जूनियर को मिलेंगे...

राजा भोज फेलोशिप 2026-27: सीनियर को 6 लाख और जूनियर को मिलेंगे 4.32 लाख रुपये, 31 दिसंबर तक करें आवेदन

मध्यप्रदेश में इतिहास, संस्कृति, साहित्य, स्थापत्य, ज्योतिष और प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े शोधार्थियों एवं विद्वानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। राजा भोज शोध प्रभाग की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए राजा भोज फेलोशिप के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के तहत चयनित शोधार्थियों को सीनियर और जूनियर फेलोशिप प्रदान की जाएगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

राजा भोज सीनियर फेलोशिप के अंतर्गत प्रत्येक चयनित अध्येता को 6 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसकी अवधि एक वर्ष होगी। इसके लिए निर्धारित शोध विषयों में से किन्हीं दो विषयों पर शोध प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।

सीनियर फेलोशिप के प्रमुख शोध विषयों में राजा भोज के समसामयिक सूत्रधार एवं नगर नियोजन, स्थापत्य, मंदिर वास्तु एवं यांत्रिक विज्ञान का आधुनिक भारत के संदर्भ में आलोचनात्मक एवं तुलनात्मक अध्ययन शामिल है। इसके अलावा राजा भोज के ज्ञान दर्शन, सरस्वतीकंठाभरण, श्रृंगारप्रकाश, तत्त्वप्रकाश, राजमार्तण्ड एवं युक्तिकल्पतरु के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा का पुनर्मूल्यांकन तथा राजा भोज की जल प्रबंधन दृष्टि, भोज ताल और पारंपरिक जल विज्ञान का समकालीन जल संकट के संदर्भ में अध्ययन भी प्रस्तावित विषय हैं।

जूनियर फेलोशिप के अंतर्गत प्रत्येक चयनित अध्येता को 4 लाख 32 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसकी अवधि भी एक वर्ष निर्धारित की गई है। जूनियर फेलोशिप के लिए राजा भोज के सरस्वतीकंठाभरण एवं श्रृंगारप्रकाश में काव्य, भाषा एवं रस-सिद्धांत का आलोचनात्मक अध्ययन, युक्तिकल्पतरु एवं राजमार्तण्ड में विज्ञान, तकनीक और लोककल्याण की अवधारणा तथा राजा भोज कालीन जल संरचनाओं एवं मध्यप्रदेश की पारंपरिक जल संरक्षण प्रणालियों का ऐतिहासिक एवं भौगोलिक अध्ययन जैसे विषय निर्धारित किए गए हैं।

विज्ञापन के अनुसार सीनियर फेलोशिप के लिए न्यूनतम आयु 35 वर्ष और जूनियर फेलोशिप के लिए अधिकतम आयु 50 वर्ष निर्धारित है। आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 की स्थिति के अनुसार होगी।

आवेदकों के लिए दर्शन, इतिहास, सामाजिक विज्ञान, मानविकी, साहित्य, कला तथा संबंधित विषयों में शैक्षणिक और शोध अनुभव को महत्व दिया जाएगा। विज्ञापन में पीएचडी धारकों के साथ संबंधित क्षेत्रों में प्रतिष्ठित विद्वानों, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों, लेखकों, संपादकों और पत्रकारों की पात्रता का भी उल्लेख है। संबंधित क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और प्रकाशित पुस्तकों का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन पत्र में अभ्यर्थी को अपना नाम, स्थायी पता, जन्मतिथि, जन्मस्थान, पासपोर्ट आकार का फोटो, भारत में निवास की अवधि और रोजगार संबंधी स्थिति की जानकारी देनी होगी। इसके साथ शोध प्रस्ताव प्रस्तुत करना अनिवार्य है। विज्ञापन के अनुसार सीनियर फेलोशिप के लिए लगभग 2500 से 3000 शब्दों तथा जूनियर फेलोशिप के लिए लगभग 500 से 1000 शब्दों में शोध प्रस्ताव तैयार करना होगा।

आवेदन में फेलोशिप अवधि के दौरान किए जाने वाले कार्यों का शैक्षणिक विवरण, संबंधित क्षेत्र में अपना योगदान एवं अनुभव तथा दो सम्मानित विद्वानों के नाम और पते भी देने होंगे।

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना आवेदन 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित पते पर भेजना होगा।

आवेदन भेजने का पता:

निदेशक, राजा भोज शोध प्रभाग, महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ, संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन, स्वराज भवन, दूसरी मंजिल, भोपाल – 462003।

संपर्क विवरण: दूरभाष: 0755-4535064 ई-मेल: rajabhojmpculturebpl@gmail.com

फेलोशिप से संबंधित विस्तृत नियम एवं शर्तें विज्ञापन में उल्लिखित वेबसाइट पर उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।

राजा भोज फेलोशिप के माध्यम से मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा, स्थापत्य कला और पारंपरिक जल प्रबंधन प्रणालियों पर गंभीर एवं प्रमाणिक शोध को प्रोत्साहन देने का प्रयास किया जा रहा है। इन शोध विषयों का संबंध केवल इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक नगर नियोजन, विज्ञान, तकनीक और जल संकट जैसी समकालीन चुनौतियों से भी जुड़ा हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments