Home MP News पीएम आवास योजना 2.0: मध्यप्रदेश में हर शुक्रवार लगेंगे विशेष शिविर, होम...

पीएम आवास योजना 2.0: मध्यप्रदेश में हर शुक्रवार लगेंगे विशेष शिविर, होम लोन पर मिलेगी ₹1.80 लाख तक की सब्सिडी

0

भोपाल। मध्यप्रदेश के शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत पात्र परिवारों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में विशेष क्रेता-विक्रेता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लोगों को गृह ऋण प्राप्त करने और ब्याज अनुदान का लाभ लेने के लिए मौके पर मार्गदर्शन एवं सहायता मिलेगी।

होम लोन पर मिलेगी ₹1.80 लाख तक की सब्सिडी

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के ब्याज अनुदान योजना (Interest Subsidy Scheme-ISS) घटक के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), निम्न आय वर्ग (LIG) और मध्यम आय वर्ग (MIG) के पात्र परिवारों को गृह ऋण पर अधिकतम ₹1.80 लाख तक का ब्याज अनुदान दिया जाएगा।

यह लाभ निर्धारित शर्तों के अधीन 1 सितंबर 2024 या उसके बाद स्वीकृत एवं वितरित पात्र गृह ऋणों पर भी लागू रहेगा।

हर शुक्रवार लगेंगे विशेष क्रेता-विक्रेता शिविर

प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय में हर शुक्रवार विशेष क्रेता-विक्रेता शिविर लगाए जाएंगे। स्थानीय आवश्यकता के अनुसार किसी अन्य निर्धारित दिवस पर भी इनका आयोजन किया जा सकेगा।

शिविरों में बैंकों, हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों तथा सरकारी एवं निजी बिल्डर्स और डेवलपर्स को एक मंच पर आमंत्रित किया जाएगा। यहां पात्र हितग्राहियों को गृह ऋण प्राप्त करने और ब्याज सब्सिडी का लाभ लेने के लिए मौके पर ही मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित शिविरों में भी ब्याज अनुदान योजना (ISS) घटक को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा।

इंदौर-भोपाल में 50-50 हजार नए आवेदनों का लक्ष्य

योजना के ISS घटक के तहत नए आवेदन प्रस्तुत करने के लिए नगरीय निकायों की श्रेणी के अनुसार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।

  • इंदौर और भोपाल नगर निगम के लिए 50-50 हजार आवेदन।
  • ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन नगर निगम के लिए 25-25 हजार आवेदन।
  • शेष 11 नगर निगमों के लिए 10-10 हजार आवेदन।
  • सभी नगर पालिका परिषदों के लिए 500-500 आवेदन।
  • नगर परिषदों के लिए 100-100 आवेदन।

निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए 1 सितंबर 2024 के बाद भवन अनुज्ञा प्राप्त करने वाले नागरिकों से संपर्क कर उन्हें योजना से जोड़ने की पहल की जाएगी।

कलेक्टर की अध्यक्षता में होगी हर महीने समीक्षा

योजना के सुचारू संचालन और आवेदनों की स्वीकृति में तेजी लाने के लिए जिला मुख्यालय के नगरीय निकायों द्वारा जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLBC) की बैठक हर महीने आयोजित की जाएगी।

जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में होने वाली इन बैठकों में बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर हितग्राहियों के आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के माध्यम से प्रदेश के पात्र शहरी परिवारों को अपना घर खरीदने के लिए गृह ऋण पर ब्याज अनुदान का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version